लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने की चर्चाओं के बीच उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम पूर्व निर्धारित तिथि और समय पर ही आयोजित होगा। पार्टी का कहना है कि परेड ग्राउंड के उपयोग की विधिवत अनुमति उनके पास उपलब्ध है और शासन-प्रशासन की ओर से अनुमति निरस्त किए जाने का कोई लिखित आदेश नहीं मिला है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम से संबंधित सामान लेकर पहुंचे ट्रकों को मैदान में प्रवेश नहीं मिलने का कारण केवल यह है कि अनुमति निर्धारित तिथि से प्रभावी है। इसे अनुमति रद्द किए जाने से जोड़कर देखा जाना गलत है।
पार्टी ने छात्र-युवाओं और समर्थकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। कांग्रेस ने कहा कि 17 जुलाई को परेड ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा, जिसमें राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में शासन-प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय लिया जाता है, तो उसकी जानकारी भी समय रहते सार्वजनिक रूप से साझा की जाएगी। फिलहाल कार्यक्रम की तैयारियां जारी हैं और कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
