श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट (दान-चढ़ावा) की गणना के दौरान कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की। पुलिस ने आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को बीकेटीसी के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बदरीनाथ में तहरीर देकर बताया था कि 2 जुलाई को मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति गठित की गई थी। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा गणना स्थल से मंदिर की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को निजी हित में ले जाने की पुष्टि होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली बदरीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट की निगरानी में एसआईटी का गठन किया गया और विवेचना प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए तथा 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाते हुए दिखाई दिया।
एसआईटी जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रुपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर का पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने शनिवार रात करीब 10 बजे देहरादून स्थित आरोपी के आवास पर दबिश देकर प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
