उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार सुबह प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज से बहुत तेज बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है, खासकर चारधाम यात्रा मार्गों और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई सुबह 5:28 बजे से 8:28 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जनपदों के कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
अलर्ट में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, मसूरी, देवप्रयाग, कर्णप्रयाग, सोनप्रयाग, थराली, लैंसडाउन, चौखुटिया, द्वाराहाट, रानीखेत, कौसानी, रुड़की, लक्सर सहित आसपास के क्षेत्रों को विशेष रूप से संवेदनशील बताया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका बनी रहेगी। वहीं नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी अचानक बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रशासन ने चारधाम यात्रियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। लोगों को खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक प्रदेश के प्रभावित जिलों में मौसम का मिजाज खराब बना रह सकता है।
