वासुकी ताल ट्रैक पर घने कोहरे के बीच रास्ता भटक गए एक यात्री को उत्तराखंड पुलिस की एसडीआरएफ ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल खोज निकाला। रेस्क्यू टीम ने यात्री को सुरक्षित बाहर निकालते हुए केदारनाथ मंदिर पहुंचाया।

एसडीआरएफ के अनुसार वासुकी ताल ट्रैक पर खराब मौसम और घने कोहरे के कारण यात्री निर्धारित मार्ग से भटक गया था। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खोज अभियान चलाकर यात्री का सुरक्षित पता लगाया।

रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ ने यात्री को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित श्री केदारनाथ पहुंचाया। समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

एसडीआरएफ और उत्तराखंड पुलिस ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग करने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में मौसम पलभर में बदल सकता है, इसलिए यात्रा या ट्रैकिंग से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।