देहरादून पुलिस ने एक वर्ष पूर्व हुई लाखों रुपये के आभूषण चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए पीड़िता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में कार्य करने वाली महिला को करीब 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है।
मामले के खुलासे में चोरी किए गए हीरे के हार की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा किया जाना पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान सोशल मीडिया गतिविधियों का विश्लेषण किया गया, जिसमें चोरी हुए हीरे के हार से मिलती-जुलती तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा किए जाने की जानकारी मिली।
इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध तक पहुंच बनाई और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता पीड़िता के घर में घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए आभूषण बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
देहरादून पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया विश्लेषण और साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग का परिणाम है।
पुलिस ने दोहराया कि उत्तराखंड पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
