Uttarakhand: उत्तराखंड में 1-2 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में 1 और 2 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में फिर से भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट रहेगा।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, तेज बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।

एसईओसी ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने, राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखने, सड़क अवरोध हटाने की त्वरित व्यवस्था करने तथा सभी अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *