नीट (यूजी)-2026 की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार ने परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
प्रवेश पत्र दिखाने पर मिलेगा लाभ
उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थी नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह व्यवस्था परीक्षा तिथि से दो दिन पहले और परीक्षा समाप्त होने के दो दिन बाद तक प्रभावी रहेगी।
परिवहन विभाग ने जारी किए आदेश
इस संबंध में सचिव परिवहन बृजेश कुमार संत ने उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। सरकार का उद्देश्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन में आर्थिक राहत प्रदान करना है।
केवल स्थायी निवासियों को मिलेगी सुविधा
जारी आदेश के अनुसार, निःशुल्क यात्रा सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों के लिए मान्य होगी। अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान नीट (यूजी)-2026 का प्रवेश पत्र प्रस्तुत करना होगा। यह सुविधा केवल उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित साधारण श्रेणी की बसों और परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्गों पर ही लागू होगी।
परीक्षा केंद्र तक और वापसी यात्रा भी निशुल्क
योजना के तहत अभ्यर्थी परीक्षा की तिथि से दो दिन पूर्व से लेकर परीक्षा दिवस तक अपने गृह जनपद या वर्तमान निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। वहीं परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिनों के भीतर परीक्षा केंद्र से अपने गृह स्थान या वर्तमान निवास तक की वापसी यात्रा भी नि:शुल्क होगी।
मुख्य बिंदु
- नीट (यूजी)-2026 पुनः परीक्षा के अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा।
- केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्रों को मिलेगा लाभ।
- प्रवेश पत्र दिखाने पर यात्रा होगी निशुल्क।
- परीक्षा से दो दिन पहले और दो दिन बाद तक सुविधा मान्य।
- केवल उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में लागू।
- परीक्षा केंद्र तक आने और वापस जाने दोनों यात्राएं होंगी मुफ्त।
