लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चार और पांच जून को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दौरे के समन्वय और सूचना आदान-प्रदान के लिए प्रदेश मुख्यालय देहरादून में कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी को कंट्रोल रूम का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, अखिलेश उनियाल, प्रदेश प्रवक्ता सुलेमान अली, प्रदेश प्रवक्ता मोहन काला, जितेंद्र बिष्ट और प्रीतम सिंह आर्य को कंट्रोल रूम का सदस्य नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के दौरे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। इसके लिए पार्टी की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कंट्रोल रूम से जुड़े सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और राहुल गांधी के दौरा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया है।
कांग्रेस संगठन का कहना है कि राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
