केदारनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गत 6 मई की शाम केदारनाथ पैदल मार्ग क्षेत्र में पुलिस द्वारा टेंटों की जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद की गईं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए संबंधित व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाई गई। साथ ही स्थानीय कोतवाली और उसके परिजनों से भी संपर्क किया गया। जांच में पता चला कि उक्त व्यक्ति प्रदीप सिंह पुत्र जयशंकर प्रताप सिंह निवासी ग्राम खमरिया, जिला रायबरेली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार प्रदीप सिंह वर्ष 2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे, लेकिन मानसिक अस्वस्थता के कारण वर्ष 2018 में सेवामुक्त कर दिए गए थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वह अक्सर घर से बाहर धार्मिक स्थलों और मंदिरों की यात्रा करते रहते हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बरामद खिलौना बंदूकें उन्होंने शौकिया तौर पर अपने पास रखी थीं। बताया गया कि सोनप्रयाग से केदारनाथ यात्रा के दौरान वाहन से सामान चोरी होने की आशंका के चलते वह इन्हें अपनी अन्य सामग्री के साथ धाम तक लेकर गए थे।
हालांकि, सुरक्षा मानकों के मद्देनजर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सोनप्रयाग कोतवाली में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसके अतिरिक्त, बिना किसी वैध पहचान पत्र के उक्त व्यक्ति को अपने टेंट में ठहराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी पुलिस ने चालानी कार्रवाई की गई है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
