देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय से अग्निवीर योजना के विरोध में चल रहे राज्यव्यापी आंदोलन के चौथे चरण की शुरुआत हो गई। आंदोलन यात्रा रथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कर्नल नेगी के नेतृत्व में आंदोलन
उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
कुमाऊं मंडल में निकलेगी यात्रा
कर्नल नेगी ने बताया कि आंदोलन के पहले तीन चरणों में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में यात्राएं निकाली जा चुकी हैं, जिन्हें व्यापक जनसमर्थन मिला। अब चौथे चरण की यह यात्रा कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों खटीमा, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में जनसंवाद करेगी।
9 मई को देहरादून पहुंचेगी यात्रा
आठ सदस्यीय टीम विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, आम जनता और मीडिया से संवाद स्थापित करते हुए 9 मई को पुनः देहरादून पहुंचेगी।
कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अग्निवीर योजना युवाओं और पूर्व सैनिकों के हितों के खिलाफ है, इसलिए पार्टी इसे लेकर लगातार आंदोलन कर रही है और जनसमर्थन जुटा रही है।
