Uttarakhand: सतपुली के रैतपुर में युवक की मौत पर सियासत तेज, गणेश गोदियाल ने की निष्पक्ष जांच की मांग

पौड़ी गढ़वाल के सतपुली क्षेत्र स्थित रैतपुर गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मौके पर पहुंचकर मृतक पंकज कुमार के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

परिजनों से मिलकर जताई संवेदना

गोदियाल ने घटना की जानकारी लेने के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों से वार्ता की और पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप

गोदियाल ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर और दुखद है। परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, युवक को बाइक दुर्घटना के बाद पुलिस द्वारा थाने ले जाकर कथित रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है।

पूर्व मामलों का भी किया जिक्र

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने नैनीताल के खैरना निवासी बालम बिष्ट और टिहरी के लंबगांव निवासी केशव थलवाल से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ समय में पुलिस प्रताड़ना के कई आरोप सामने आए हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकार से की ये मांगें

गोदियाल ने राज्य सरकार से मांग कि मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच के दौरान आरोपित पुलिस कर्मियों को निलंबित करें। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *