बदरीनाथ धाम पहुंचे सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने वहां पूजा-अर्चना की। उनकी यह बद्रीनाथ की तीसरी यात्रा रही, जिसे उन्होंने अत्यंत आध्यात्मिक और अविस्मरणीय अनुभव बताया।
दर्शन के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए कैलाश खेर ने कहा कि प्रतिदिन 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाएं बेहद सुचारू और प्रशंसनीय हैं। उन्होंने कहा कि धाम की दिव्यता, ऊंचाई और व्यवस्थाओं को देखकर ऐसा महसूस होता है मानो देवलोक में प्रवेश कर लिया हो।
उन्होंने विशेष रूप से कठिन परिस्थितियों में तैनात सुरक्षा बलों और पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका विनम्र और आत्मीय व्यवहार श्रद्धालुओं में सुरक्षा और सम्मान का भाव उत्पन्न करता है।
इस दौरान प्रशासन की ओर से भी यह संदेश दिया गया कि हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने कहा कि उनका संकल्प है कि बाबा बदरी विशाल के दरबार में आने वाला हर भक्त सुरक्षित महसूस करे और अपने साथ सुखद अनुभव लेकर लौटे।
चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं और प्रशासन द्वारा यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
