Badrinath Temple: देवभूमि में आस्था का महासंगम: श्री बद्रीविशाल धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले

देवभूमि उत्तराखण्ड में आज आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब विश्वप्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ मंदिर के कपाट शुभ मुहूर्त में प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ विधिवत खोल दिए गए। कपाट खुलने का यह पावन अवसर वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष पूजा-अर्चना और जय भगवान बद्रीविशाल के गगनभेदी जयघोष के बीच संपन्न हुआ।

इस ऐतिहासिक और दिव्य क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु हिमालय की गोद में स्थित इस पवित्र धाम में उपस्थित रहे। बर्फ से ढके पर्वतों के बीच गूंजते भक्ति के स्वर और भक्तों की अपार आस्था ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा, “हम सभी श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखण्ड में हार्दिक अभिनंदन करते हैं। यह पावन यात्रा सभी के लिए मंगलमय, सुरक्षित और पुण्यदायी हो, यही हमारी कामना है।”

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भी देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि हर भक्त बिना किसी असुविधा के भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *