Uttarakhand: बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान कार्यों का सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राउंड जीरो पर उतरते हुए मास्टर प्लान के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का भ्रमण करते हुए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही सभी परियोजनाओं को और अधिक प्रभावी तथा त्वरित गति से पूर्ण करने पर जोर दिया।

सीएम धामी ने निर्देशित किया कि बद्रीनाथ धाम से जुड़े सभी विकास कार्य जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष निगरानी में तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी एवं अराइवल प्लाजा जैसे पूर्ण हो चुके महत्वपूर्ण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने इन परियोजनाओं के शीघ्र हस्तांतरण हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन सुविधाओं का लाभ तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों को जल्द से जल्द मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने हस्तांतरण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि दीर्घकालिक रूप से इन परिसंपत्तियों की गुणवत्ता और उपयोगिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थ अनुभव प्रदान करना है।

पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों में स्थानीय पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को स्वच्छता, हरित मानकों और सतत विकास के सिद्धांतों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *