Uttarakhand: श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुले, हर हर महादेव के जयघोष से गूंजा धाम

विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज श्री केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलने के साथ ही धाम में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा केदारनाथ की पूजा की और संकल्प लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु धाम पहुंचे। जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की वह स्वयं नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखा जाए। साथ ही श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *