आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए गढ़वाल पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल परिक्षेत्र) राजीव स्वरूप ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष यात्रा को अधिक डिजिटल, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
आईजी गढ़वाल ने बताया कि यात्रा की 24×7 निगरानी के लिए सरदार पटेल भवन में अत्याधुनिक “चारधाम कंट्रोल रूम” स्थापित किया गया है, जहां से पूरे यात्रा मार्ग पर नजर रखी जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से संपूर्ण यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन, 43 जोन और 149 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था में जनपद पुलिस के साथ PAC, होमगार्ड और PRD के जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा SDRF, ATS, बम निरोधक दस्ता (BDS) और जल पुलिस की टीमें भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेंगी।
यात्रा मार्गों और चारों धामों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि भीड़ नियंत्रण और निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पार्किंग स्थल और हॉल्टिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां ठहरने की समुचित व्यवस्था रहेगी।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए मार्गों पर बॉटल नेक, ब्लैक स्पॉट और लैंडस्लाइड जोन की पहचान कर वहां विशेष प्रबंध किए गए हैं। साथ ही हरिद्वार, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं।
राजीव स्वरूप ने यात्रियों से अपील की कि वे हेली सेवा की बुकिंग और पंजीकरण केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया सेल के जरिए यात्रियों को मौसम, आपदा और मार्ग की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि गढ़वाल पुलिस देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
