उत्तराखंड में प्राविधिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय एवं निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विभाग ने विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक मुकेश पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि “पॉलिटेक्निक चलो अभियान-2026” के तहत युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जा रही है। अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में प्रतिभाग कर सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, सिविल, मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स, कम्युनिकेशन एंड कंप्यूटर नेटवर्किंग तथा फार्मेसी सहित करीब 40 रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारकों के लिए बीटेक पाठ्यक्रमों में लैटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश की सुविधा भी दी गई है। वहीं 12वीं या आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों को भी निर्धारित शर्तों के तहत सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
प्रदेश में वर्तमान में 71 राजकीय, 1 अनुदानित और 85 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। इनमें छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ग में 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, साथ ही अधिकांश संस्थानों में महिला छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।
विभाग ने बताया गया कि पॉलिटेक्निक से उत्तीर्ण छात्रों के लिए हर वर्ष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, जिससे उन्हें प्रतिष्ठित उद्योगों में रोजगार के अवसर मिल सकें।
इस संबंध में तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं।
