पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की प्रगति को परखने के लिए आज खुद ही मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।
दरअसल, देहरादून के जाखन निवासी विवेक मदान ने राजपुर अपरोड क्षेत्र में विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले सड़क किनारे फुटपाथ बनाया गया, लेकिन बाद में यूपीसीएल द्वारा अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के लिए उसे खोद दिया गया। इसके बाद मिट्टी का सही तरीके से भरान नहीं किया गया, जिससे फुटपाथ की टाइल्स धंस गईं और आम लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्धारित समीक्षा बैठक से पहले ही जमीनी हकीकत जानने का निर्णय लिया और सीधे जाखन पहुंच गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर मौके का निरीक्षण किया और अपने मोबाइल के माध्यम से अधिकारियों को वीडियो कॉल कर स्थिति से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पाया कि अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद कई स्थानों पर बिजली की लाइनें बाहर दिखाई दे रही हैं, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकती हैं। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागों को बेहतर योजना और समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि बार-बार निर्माण कार्य से जनता को परेशानी न हो और सरकारी धन की बर्बादी भी न हो।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में इस तरह की शिकायतों की जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में वे अन्य जिलों में भी इसी प्रकार अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
