Uttarakhand: देहरादून दौरे पर पीएम मोदी का स्वागत, कांग्रेस ने उठाए ज्वलंत मुद्दे

नरेन्द्र मोदी के देहरादून आगमन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनका स्वागत करते हुए राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से प्रदेश की जनता को कई उम्मीदें हैं।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जब-जब उत्तराखंड आए हैं, तब-तब उन्होंने जनता से कई वादे किए। चाहे वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव हों या 2024 के लोकसभा चुनाव, हर बार प्रदेश की जनता से बड़े आश्वासन दिए गए। जनता ने इन वादों पर विश्वास जताते हुए भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से सत्ता सौंपी, लेकिन 10 वर्षों के बाद भी अधिकांश वादे अधूरे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य का युवा वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। रोजगार के अवसर सीमित हैं और लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंताएं व्यक्त की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिला अपराध बढ़ते जा रहे हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करता है, जिसमें जानमाल की भारी क्षति होती है, लेकिन केंद्र सरकार से अपेक्षित सहायता नहीं मिल पाती। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के कई दौरों के बावजूद राज्य के लिए कोई ठोस योजना सामने नहीं आई, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में अब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है, जिससे न्याय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में शामिल प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और जांच को लेकर भी पारदर्शिता की कमी है।

अंत में गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उम्मीद है कि वे अपने इस दौरे के दौरान राज्य की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और सकारात्मक कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *