Uttarakhand: केदारनाथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, हाईटेक सुरक्षा से लैस हुआ पूरा मार्ग

बाबा केदार के कपाट खुलने में अब कुछ ही दिन शेष हैं और केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस बार पूरे यात्रा मार्ग को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया गया है।

पुलिस दूरसंचार टीम ने केदारनाथ धाम एवं पैदल मार्ग पर वायरलेस सिस्टम स्थापित कर जिला नियंत्रण कक्ष से सीधा संपर्क सुनिश्चित किया है। इसके साथ ही सभी चौकियों और चेकपोस्ट को वायरलेस नेटवर्क और सैटेलाइट फोन से जोड़ा गया है, जिससे आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

यात्रा मार्ग की निगरानी के लिए 181 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सोनप्रयाग, गुप्तकाशी और जिला मुख्यालय समेत पूरे मार्ग पर 6 अत्याधुनिक ड्रोन तैनात किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि इस बार तकनीक के बेहतर उपयोग से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

केदारनाथ यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और प्रशासन भी इस बार यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *