अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों के वार्ता की। इस दौरान उन्होंने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की तैयारियों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्री-एसआईआर चरण में प्रदेश में 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। अप्रैल माह से डोर-टू-डोर अभियान को और तेज किया जाएगा तथा जिन बूथों पर मैपिंग कम है, वहां विशेष फोकस कर कार्य पूर्ण किया जाएगा।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (एएसडी) सूची तैयार की जा रही है, जिससे मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि मतदाताओं की सुविधा के लिए बुक ए कॉल विद बीएलओ फीचर शुरू किया गया है। इसके तहत मतदाता एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट या ईसीआई-इनईटी मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के मुकाबले अब तक कुल 19,116 बीएलए की ही नियुक्ति हुई है। इसमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9,276, कांग्रेस पार्टी द्वारा 9,506, सीपीआई (एम) द्वारा 217 और बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।
इस अवसर पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
