वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए राज्य में एलपीजी और ईंधन की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से प्रमुख सचिव (खाद्य) एल फैनई ने सभी जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।
बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों के अधिकारी सभी जिलों के जिला पूर्ति अधिकारियों के संपर्क में हैं।
अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोग घबराहट में गैस सिलेंडर की बुकिंग कर रहे हैं। इसी वजह से मांग अचानक बढ़ी है। केवल इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में पिछले तीन-चार दिनों के दौरान करीब एक लाख सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई है, जबकि कंपनियों के पास पर्याप्त घरेलू गैस का स्टॉक मौजूद है।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई
बैठक में जिलाधिकारियों ने बताया कि उनके-अपने जनपदों में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और स्थिति सामान्य है। साथ ही जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राज्य में पिछले चार दिनों के दौरान प्रवर्तन टीमों ने 460 निरीक्षण किए और 78 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत चार एफआईआर दर्ज की गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 74 गैस सिलेंडर, एक कांटा और दो रिफिलिंग किट भी जब्त किए गए हैं।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
प्रमुख सचिव (खाद्य) एल फैनई ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस आपूर्ति की स्थिति की लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए।
