Uttarakhand: 2 वर्षीय अपहृत बच्ची सकुशल बरामद, 4 घंटे में हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता

हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 वर्षीय अपहृत बच्ची को महज चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता और सघन तलाशी अभियान के चलते कथित अपहरणकर्ता बच्ची को छोड़कर फरार हो गया।

घटना रात के अंधेरे में हुई, जब बच्ची को चोरी कर लिया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट नहीं हो पाया है और एक अस्पष्ट साया शक के दायरे में है।

एसएसपी निर्देश पर चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह स्वयं नजर बनाए हुए थे। उनके निर्देशन में पुलिस की कई टीमें तत्काल सक्रिय की गईं और शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

लगातार दबाव और पुलिस की सक्रियता को देखते हुए कथित अपहरणकर्ता बच्ची को ऋषिकुल चौक के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

अपहरणकर्ता की तलाश जारी

घटना के बाद अलग-अलग पुलिस टीमें संदिग्ध की तलाश में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं।

हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सजगता और टीमवर्क के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई और मासूम बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *