Uttarakhand: योगनगरी ऋषिकेश से रवाना हुई भारत गौरव ट्रेन, 200 तीर्थयात्री 9 रात-10 दिन की यात्रा पर निकले

योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से बुधवार सुबह भारत गौरव ट्रेन को रवाना किया गया। इस विशेष पर्यटक ट्रेन में योगनगरी ऋषिकेश और हरिद्वार से 200 तीर्थयात्री सवार हुए, जो 9 रात और 10 दिन की धार्मिक यात्रा पर निकले हैं।

भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के उत्तर क्षेत्र लखनऊ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि ट्रेन सुबह 9:25 बजे योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।

इन प्रमुख तीर्थ स्थलों का होगा दर्शन

यह विशेष ट्रेन यात्रियों को विष्णुपद मंदिर (गया), जगन्नाथ मंदिर पुरी, कोणार्क सूर्य मंदिर, कोलकाता, गंगासागर, बैजनाथ धाम, काशी विश्वनाथ मंदिर, राम मंदिर अयोध्या, हनुमानगढ़ी और सरयू आरती के दर्शन कराएगी।

ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश, हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, अयोध्या कैंट और काशी/बनारस स्टेशनों से होकर गुजरेगी।

767 बर्थ की सुविधा

इस ट्रेन में कुल 767 बर्थ उपलब्ध हैं, जिनमें 02 एसी कोच (49 सीटें), 03 एसी (70 सीटें) और स्लीपर क्लास की 648 सीटें शामिल हैं।

यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। स्थानीय स्थलों के भ्रमण के लिए एसी और नॉन एसी बसों की व्यवस्था भी की गई है।

आईआरसीटीसी के अनुसार इस धार्मिक पर्यटन पैकेज का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *