Uttarakhand: मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का भव्य समापन, देहरादून बना विजेता

मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून जनपद को विजेता ट्रॉफी और 5 लाख रुपये का चेक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समापन केवल एक प्रतियोगिता का अंत नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के उज्ज्वल खेल भविष्य की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अब खेल आयोजन गांव-गांव, न्याय पंचायतों और दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान देने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं और उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी उभर रहा है।

₹11 करोड़ की पुरस्कार राशि सीधे खातों में

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन में ₹11 करोड़ की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली है और भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रहा है।

38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक

मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है। इन खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सातवां स्थान हासिल किया। राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना विकसित की जा रही है। Sports Legacy Plan के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।

हल्द्वानी में बनेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई खेल नीति में खिलाड़ियों के हित में कई प्रावधान किए गए हैं। हल्द्वानी में राज्य की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की जा रही है, जहां खिलाड़ियों को आधुनिक कोचिंग और खेल विज्ञान की सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत मासिक छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को “उत्तराखण्ड खेल रत्न”, “द्रोणाचार्य पुरस्कार” और “हिमालय खेल रत्न” से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इस वर्ष से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में आवेदन पर 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।

1.62 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 से न्याय पंचायत स्तर से शुरू हुई प्रतियोगिताओं का समापन 18 फरवरी 2026 को हुआ। इसमें 1 लाख 62 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और 26 खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं।

समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक डॉ. आशीष चौहान, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *