देव संस्कृति विश्वविद्यालय ने एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम की है। विश्वविद्यालय के एमएससी (मानव चेतना एवं योग विज्ञान) प्रथम वर्ष के छात्र अभिषेक कुमार ने लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर संस्थान को गौरवान्वित किया है।
योग विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 जनवरी 2026 को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से आयोजित ऑनलाइन स्पर्धा में अभिषेक कुमार ने 31 मिनट में 331 सूर्य नमस्कार पूर्ण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में सूर्य नमस्कार करना शारीरिक सहनशक्ति, श्वास-नियंत्रण और मानसिक एकाग्रता का अद्वितीय उदाहरण माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और नियमित साधना का परिणाम है। संस्थान की वैज्ञानिक योग प्रशिक्षण पद्धति ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पहले भी बना चुके हैं रिकॉर्ड
अभिषेक कुमार पूर्व में भी योग क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने जटिल योग मुद्रा ‘द्विपाद विपरीत दंडासन’ में 11 मिनट 05 सेकंड तक स्थिर रहकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया था।
प्रतिकुलपति से लिया आशीर्वाद
प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद अभिषेक कुमार ने विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या से भेंट कर आशीर्वाद लिया। प्रतिकुलपति ने इसे विश्वविद्यालय की समृद्ध योग परंपरा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
अभिषेक ने अपनी उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय के पारिवारिक वातावरण, सकारात्मक सोच और नियमित साधना को दिया। योग विभाग सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
