मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों को लेकर सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने अप्रैल माह में प्रस्तावित एसआईआर के मद्देनजर जनपदवार प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल में मैपिंग धीमी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद देहरादून, उधमसिंह नगर और नैनीताल में मतदाता मैपिंग की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप कम है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन बूथों पर मैपिंग प्रतिशत कम है, वहां संबंधित ईआरओ और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी।
बूथ अवेयरनेस ग्रुप और बीएलए की शत-प्रतिशत तैनाती के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को तय समयसीमा के भीतर बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 77 प्रतिशत बूथों पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती हो चुकी है। शत-प्रतिशत तैनाती सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक करने को कहा गया।
इसके साथ ही एसआईआर हेल्प डेस्क के लिए जिलों में अतिरिक्त कार्मिकों की तैनाती शीघ्र करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और ईआरओ वर्चुअल माध्यम से शामिल रहे।
