मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। इन माध्यमों से कुंभ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। लोगो, वेबसाइट और गीत के माध्यम से कुंभ की विशिष्ट पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सकेगा।

हरिद्वार कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा को दर्शाया गया है। इसमें शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू और मां मनसा देवी व मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी स्थान दिया गया है। ये प्रतीक हरिद्वार की धार्मिक महत्ता और सनातन परंपरा को प्रदर्शित करते हैं।

लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना। इसी के आधार पर आधिकारिक लोगो तैयार किया गया है। इसका इस्तेमाल कुंभ से जुड़ी प्रचार सामग्री और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा।

वेबसाइट पर मिलेंगी कुंभ से जुड़ी जानकारियां

कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट haridwarkumbh.uk.gov.in के जरिए श्रद्धालु और आगंतुक आयोजन से संबंधित जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक भी सूचनाएं पहुंचाई जा सकेंगी।

कुंभ का पर्व आ गया गीत का लोकार्पण

कार्यक्रम में कुंभ का आधिकारिक गीत भी जारी किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाले इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने तैयार किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आगमन, श्रद्धालुओं की आस्था और साधु-संतों के उत्साह को स्वर दिया गया है।

लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर और शासन व मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।