Uttarakhand: अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी पर कार्रवाई की मांग, महिला कांग्रेस ने मंत्री रेखा आर्य के आवास का किया घेराव

अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे वीआईपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने महिलाओं के संबंध में दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री रेखा आर्य के आवास का घेराव किया और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ता यमुना कॉलोनी गेट पर एकत्र हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शन के दौरान अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और महिला सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को तीन वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्याकांड में जिस वीआईपी का उल्लेख हुआ था, वह नाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बीते वर्षों के दौरान सामने आए कई महिला अपराधों में भाजपा नेताओं की संलिप्तता उजागर हुई है, जबकि पुलिस द्वारा पीड़ितों को ही प्रताड़ित किया गया।

ज्योति रौतेला ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने दिए बयान में कहा बिहार से 20–25 हजार रुपये में लड़कियां आसानी से मिल जाती हैं”—को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस न केवल इस बयान की कठोर शब्दों में निंदा करती है, बल्कि महिला सशक्तिकरण मंत्री होने के नाते रेखा आर्य से भी सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग करती है।

महिला कांग्रेस ने ज्योति रौतेला के नेतृत्व में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ थाना डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई और कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्योति रौतेला ने कहा कि यह बयान भाजपा की विकृत मानसिकता को दर्शाता है, जहां महिलाओं की अस्मिता को कीमत के तराजू में तौला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा सरकारें ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे बयान महिलाओं के प्रति असंवेदनशील सोच को उजागर करते हैं।

महिला कांग्रेस ने रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू से सार्वजनिक माफी की भी मांग की है। प्रदर्शन और शिकायत के दौरान पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उमिला ढौंडियाल थापा, पार्षद कोमल बोरा, संगीता गुप्ता, सविता सोनगर, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, अनीता सकलानी, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, अमृता कौशल, अनुराधा तिवारी, रितेश क्षेत्री, विनीत प्रसाद बंटू, गौरव सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *