मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ और मां शक्ति का यह पवित्र स्थल श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और शक्ति मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद ऐतिहासिक रामलीला मैदान में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा ज्योति कलश यात्रा और सेवा संकल्प सभा में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ढाई दशक के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

उत्तराखंड में अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना बढ़ी

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। राज्य सरकार इस विजन को साकार करने के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ उद्योग, पर्यटन, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं। होटल और होमस्टे की संख्या में भी वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखंड देश में प्रथम रहा है और लगातार चार वर्षों से मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि भी हासिल कर चुका है।

56 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे चारधाम

धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के प्रयासों का परिणाम है कि इस वर्ष अब तक 56 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। उत्तरकाशी में 200 करोड़ रुपये से अधिक की 50 योजनाओं का शिलान्यास किया गया था, जिनमें 26 पूरी हो चुकी हैं और 24 पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसले लिए गए हैं। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के चलते करीब पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है।

जिला अस्पताल का नाम पूर्व विधायक के नाम पर होगा

मुख्यमंत्री ने गाजणा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी के उच्चीकरण की मांग का परीक्षण कराने की बात कही। भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। डोडीताल, अवाना बुग्याल और हरि महाराज सौड़ बुग्याल के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य आगे बढ़ाने की बात कही।

उन्होंने जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी का नाम पूर्व विधायक स्वर्गीय गोपाल सिंह रावत के नाम पर रखने की भी घोषणा की।