केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के बाड़व स्थित शहीद हवलदार फते सिंह नेगी राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण किया गया है। इससे कांदी, बाड़व, किणझाणी और जाबरी समेत आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को अब 12वीं तक की पढ़ाई के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। शुक्रवार को केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने विद्यालय के उच्चीकरण का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक ने शहीद हवलदार फते सिंह नेगी की पत्नी वीरांगना गीता देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उनके पूर्व कार्यकाल में ही इस विद्यालय में हाईस्कूल स्तर की पढ़ाई शुरू हुई थी। अब इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने गांव के नजदीक ही आगे की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि गांवों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिल सकें। शिक्षा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के साथ क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार जताया। कहा कि प्रदेश सरकार दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं पहुंचाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रही है।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजमोहन नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन नेगी, विद्यालय के प्रधानाचार्य लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, जसपाल नेगी, ग्राम प्रधान अंजना देवी, लक्ष्मी देवी, दीपक थपलियाल, प्रमोद सेमवाल, सुदर्शन सिंह, प्रदीप चमोला, दीपिका सजवान, सुखदेई बिष्ट, ज्योति नेगी और किरन देवी सहित जनप्रतिनिधि, अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।