Uttarakhand: नीति घाटी में एमटीबी चैलेंज का रोमांच, खरिकसिंग और अवनी रहे विजेता

सीमांत जनपद चमोली की नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का समापन सोमवार को रोमांचक माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) प्रतियोगिताओं के साथ हुआ। अंतिम दिन गमसाली से मलारी के बीच 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से आए 100 से अधिक प्रतिभागियों ने दुर्गम पहाड़ी रास्तों और चुनौतीपूर्ण ट्रैक पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

30 किलोमीटर पुरुष वर्ग की एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने पहला स्थान हासिल किया। सूरज राणा दूसरे और प्रकाश थापा तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में अवनी डरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। संध्या मौर्या दूसरे तथा इंद्रा कुमारी तमांग तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं 15 किलोमीटर पुरुष वर्ग की एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता में प्रज्ज्वल चौहान विजेता बने। इशांत सिंह अधिकारी ने दूसरा और अश्विन रौथाण ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया।

पर्यटन विभाग की ओर से भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और युवाओं को फिटनेस व साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना रहा।

आयोजन के दौरान नीति घाटी खेल, साहसिक गतिविधियों, संस्कृति और पर्यटन का केंद्र बनी रही। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, चिकित्सा विभाग, पर्यटन विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *