Uttarakhand: उत्तराखंड में बढ़ेगा तापमान, अगले 2-3 दिनों में गर्मी बढ़ने के आसार

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में किसी बड़ी हीटवेव की स्थिति बनने का अनुमान नहीं है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जबकि पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे से लेकर सामान्य से ऊपर तक अलग-अलग स्तर पर दर्ज किया जा रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रुड़की में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रानीचौरी में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे से सामान्य के बीच बना रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रिकॉर्ड किया गया।

18 से 22 मई तक तापमान का अनुमान

18 मई को हरिद्वार, उधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और अल्मोड़ा में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है। उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रह सकता है।

20 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहने का अनुमान है।

21 मई को भी हरिद्वार और उधम सिंह नगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *