पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिल जताई संवेदना

पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को वसंत विहार पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ प्रवास से देहरादून पहुंचने के तुरंत बाद सीधे खंडूड़ी के आवास पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विनम्र नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उन्होंने भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत आधार देने में खंडूड़ी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्यहित में कई दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री खंडूड़ी का निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *