मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर. सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दृष्टिगत सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों, ईआरओ और एईआरओ के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों, प्रशिक्षण एवं बूथ स्तर की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों से एसआईआर को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि जिन जिलों में बूथ लेवल एजेंट की तैनाती अभी शत-प्रतिशत नहीं हुई है, वहां जिलाधिकारी राजनीतिक दलों के साथ तत्काल बैठक कर बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जहां बीएलए की तैनाती हो चुकी है, वहां उनका समुचित प्रशिक्षण भी कराया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि जिन शहरों में बड़ी आवासीय सोसायटियां स्थित हैं, वहां विशेष रूप से नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर कैंप लगाने हेतु रोस्टर तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन कार्य के दौरान निर्वाचन आयोग का पहचान पत्र पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन में विश्वास और पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक के दौरान प्रशिक्षण मॉड्यूल का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक्स और वितरण योजना की प्रगति का फीडबैक लिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल रहे।
