Uttarakhand: रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ जेई, ट्रैप टीम ने 50 हजार रुपये लेते दबोचा

सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पशुलोक बैराज ऋषिकेश से जुड़े एक मामले में जूनियर इंजीनियर (जेई) फैसल खान को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेंडर कार्य के भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर का कार्य करते हैं और उन्होंने पशुलोक बैराज ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप है कि उक्त कार्य के भुगतान के बदले जेई फैसल खान द्वारा अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देशन में एक ट्रैप टीम गठित की गई।

50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सतर्कता टीम ने बुधवार 21 मई को कार्रवाई करते हुए आरोपी फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत करें

निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर दें और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में अपना सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *