श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के परिसर और उससे संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा, जबकि एक अक्तूबर को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का निर्वाचन कराया जाएगा।

बृहस्पतिवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा और श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय टिहरी के कुलपतियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में छात्रसंघ और छात्र महासंघ चुनाव की तिथियों पर निर्णय लिया गया। इसके बाद श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एके महाजन के निर्देश पर जारी कार्यक्रम के तहत परिसर और संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव की मतदान प्रक्रिया होगी। इसके बाद एक अक्तूबर को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ का चुनाव कराया जाएगा।

पीएलएमएस परिसर के निदेशक प्रो. एमएस रावत ने चुनाव तिथियों की पुष्टि करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर चुनाव को लेकर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।