भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने शुक्रवार को हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर पहुंचकर छठ महापर्व से पूर्व गंगा स्नान किया। उन्होंने सादगीपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना संपन्न कर श्रद्धापूर्वक गंगा मैया का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ मायके और ससुराल पक्ष के परिजन भी उपस्थित रहे।
साक्षी धोनी ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और देश की सुख-समृद्धि एवं परिवार के मंगल की कामना की। उनके साथ बेटी ने भी गंगा स्नान किया और मां के साथ धर्मनगरी हरिद्वार में छठ महापर्व के महात्म्य को अनुभव किया।
गंगा स्नान के उपरांत साक्षी धोनी गंगा सभा कार्यालय पहुंचीं, जहाँ उन्होंने महामंत्री तन्मय वशिष्ठ एवं अन्य पदाधिकारियों से गंगा जल और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान गंगा सभा के सदस्यों ने उन्हें हरिद्वार आगमन पर स्वागत एवं शुभकामनाएं दीं।
हरकी पैड़ी क्षेत्र में उनके आगमन की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
गंगा तट पर उमड़ी भीड़ के बीच साक्षी धोनी ने कहा कि हरिद्वार आना और गंगा स्नान करना आत्मिक शांति का अनुभव कराता है। छठ महापर्व भारत की आध्यात्मिकता और लोक परंपरा का प्रतीक है।
गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि साक्षी धोनी ने धार्मिक परंपराओं के अनुरूप स्नान व पूजा-अर्चना की और सभी के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
