Uttarakhand: हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

व्यवस्थाएं हों सुव्यवस्थित और सुरक्षित

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

सुरक्षा और समन्वय पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

जाम की स्थिति न बने

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस को विस्तृत योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अधिकारियों ने दी तैयारियों की जानकारी

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर हरिद्वार किरन जैसल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरव गहरवार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *