Uttarakhand: हेमकुंट साहिब यात्रा की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री धामी को पहले जत्थे के विदाई समारोह का निमंत्रण

आगामी हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान ट्रस्ट अध्यक्ष ने आगामी यात्रा की व्यवस्थाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और 20 मई 2026 को होने वाले पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष की यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन-प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।

ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने जानकारी दी कि 20 मई को यात्रा 2026 के पहले जत्थे का विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व परंपरागत रूप से ‘पंज प्यारों’ द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेमकुंट साहिब के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर सिखों के दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन करते हैं। इस वर्ष भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *