Uttarakhand: आपदा प्रभावित परिवारों से मिले प्रधानमंत्री मोदी, हर संभव मदद का दिया भरोसा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देहरादून में आपदा प्रभावित परिवारों से भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रभावितजनों से संवाद करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पूरी शक्ति और संसाधनों के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा से क्षतिग्रस्त घरों, स्कूलों, होटलों, खेतों, बागवानी और अन्य बुनियादी ढाँचों के पुनर्निर्माण के लिए विशेष सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी नियम के कारण प्रभावितों को मदद मिलने में बाधा आती है, तो उसमें आवश्यक बदलाव भी किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा और किसी भी परिवार को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवभूमि उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के विशेष स्नेह और संवेदनशीलता के लिए प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के कार्य में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *