मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के बीच आरआरटीएस नेटवर्क को मेरठ से ऋषिकेश तक विस्तार देने पर सहमति बन गई है। परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रयासों से बनी सहमति
दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन इसी वर्ष फरवरी में शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लंबे समय से इस हाई स्पीड ट्रेन को मोदीपुरम से ऋषिकेश तक विस्तार देने की मांग कर रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने हाल ही में नरेंद्र मोदी और मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर प्रस्ताव सौंपा था। इसके बाद ट्रेन सेवा को ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक बढ़ाने पर सहमति बनी।
परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त, जल्द होगा सर्वे
परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं एनसीआरटीसी ने भी अपना नोडल अधिकारी तय कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार की सहमति मिलने के बाद अब लगभग 150 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित ट्रैक की डीपीआर तैयार करने के लिए सर्वे कार्य शुरू होने जा रहा है।
मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए पहुंचेगी लक्ष्मणझूला
प्रस्तावित योजना के अनुसार नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर के रास्ते उत्तराखंड में प्रवेश करेगा। इसके बाद यह ट्रैक रुड़की और हरिद्वार में हर की पैड़ी से होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। प्रस्तावित 150 किलोमीटर ट्रैक में 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।
दिल्ली-ऋषिकेश का सफर होगा आधे समय में पूरा
परियोजना के पूरा होने से उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधुनिक परिवहन का नया विकल्प मिलेगा। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से पहुंचने में लगभग पांच से छह घंटे का समय लगता है। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह सफर महज ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
विकास और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर रही है। बेहतर रेल और परिवहन अवसंरचना के माध्यम से राज्य में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का प्रयास किया जा रहा है।
