केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज कोटमा के निर्माणाधीन विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। लगभग 2 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से बन रहे विद्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक आशा नौटियाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली तथा स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक विद्यालय भवनों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा, जिससे उनकी शिक्षा और सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नया विद्यालय भवन तैयार होने के बाद छात्रों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शिक्षण वातावरण का लाभ मिलेगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा, अमित मैखंडी, भाजपा मंडल महामंत्री राय सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष किरण शुक्ला, सोमेश्वरी भट्ट, ग्राम प्रधान प्रदीप राणा, देव राणा, गौरव रावत, दिनेश सत्कारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।