मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक जनसमस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की जिम्मेदारी है और सभी अधिकारियों को जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही दिखाई जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित मामलों को बिना विलंब संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य आमजन को सुगम, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिल सके।