देवभूमि उत्तराखंड के टनकपुर से इस वर्ष की कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 का शुभारंभ हो गया है। यात्रा के पहले दल का स्वागत पर्यटन आवास गृह टनकपुर में परंपरागत रीति-रिवाजों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और श्रद्धा के वातावरण में भव्य रूप से किया गया।
छोलिया नृत्य और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा वातावरण
जैसे ही पहला जत्था टनकपुर पहुंचा, वहां उपस्थित स्थानीय लोगों, अधिकारियों और सांस्कृतिक दलों ने यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। छोलिया नृत्य, ढोल-दमाऊ, आरती, तिलक, फूलमाला और पुष्पवर्षा के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। पूरा क्षेत्र “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो गया।
पहले दल में कुल 45 यात्री
यात्रा के पहले जत्थे में कुल 45 यात्री शामिल हैं, जिनमें 32 पुरुष और 13 महिलाएं हैं। सभी श्रद्धालु देश के विभिन्न राज्यों से कैलाश के पवित्र दर्शन की भावना लेकर आए हैं।
6 वर्षों के बाद यात्रा को फिर से मिली मंजूरी
कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2019 से स्थगित इस पवित्र यात्रा को छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पुनः शुरू किया गया है। यह यात्रा न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि भारत-तिब्बत सांस्कृतिक संबंधों की भी प्रतीक है।
मुख्यमंत्री 5 जुलाई को करेंगे विधिवत रवाना
यात्रा के औपचारिक शुभारंभ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 5 जुलाई 2025 को पहले दल को विधिवत रवाना करेंगे। यह ऐतिहासिक क्षण यात्रियों और देवभूमि उत्तराखंड दोनों के लिए गर्व का विषय है।
इस शुभ अवसर पर केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, जीएम केएमवीएन विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी आकाश जोशी, मुख्यमंत्री प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, तथा मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय प्रभारी केदार सिंह बृजवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।