मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में शाइन अवी लर्निंग के ‘समावेशी शिक्षा मिशन-2030’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विकसित विजुअल लर्निंग करिकुलम पर आधारित पुस्तकों और शिक्षण सामग्री का विमोचन करते हुए कहा कि शिक्षा को अधिक सरल, प्रभावी और समावेशी बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा पहुंचाना है, ताकि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 बच्चों को केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समझने, सोचने, नवाचार करने और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए तैयार करती है। इसी सोच के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और समावेशी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पीएम श्री विद्यालय, अटल उत्कृष्ट विद्यालय, डिजिटल शिक्षण सामग्री तथा विज्ञान एवं नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विद्यालयों में रैंप, रेलिंग, सुगम शौचालय, अनुकूलित फर्नीचर और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में लगभग 5,800 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे विभिन्न विद्यालयों में पंजीकृत हैं। सरकार के 11 विशेष विद्यालयों में 1,300 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षण और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर पर 300 से अधिक विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा शेष रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को केवल परीक्षाओं के लिए नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है। इस दिशा में शाइन अवी लर्निंग की पहल सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षाविद् श्रीमती अनीता शर्मा और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विदेश से उत्तराखंड लौटकर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार कर रिवर्स पलायन का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित कर रही है, जिससे अपनी विरासत, संस्कृति और समाज को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार, शिक्षाविद् अनीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
