मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में जिला अस्पताल में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा से चंपावत सहित पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को स्थानीय स्तर पर एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय, धन और परेशानी की बचत होगी तथा समय पर उपचार संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अस्पतालों को आधुनिक उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 11.71 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। साथ ही अमोड़ी में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नर्सिंग छात्रावास और प्रस्तावित पैरामेडिकल कॉलेज से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
