कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र के कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप सोमवार को हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
धारदार हथियार से हमले में चार लोग घायल
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दो निहंग यात्रियों ने स्थानीय निवासी प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों ने हमला कर दिया, जिससे कुल चार स्थानीय व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में से एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर एम्बुलेंस से देहरादून भेजा गया, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
चारों आरोपी तत्काल हिरासत में लिए गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमला करने वाले चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष की ओर से गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुछ समय के लिए बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से बाद में राजमार्ग पर यातायात सुचारू कर दिया गया।
यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए विशेष इंतजाम
चारधाम यात्रा को प्रभावित होने से बचाने के लिए यात्रा मार्ग से जुड़े सभी जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर कुछ समय के लिए यातायात नियंत्रित किया गया। प्रशासन की ओर से मार्ग में फंसे यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की भी व्यवस्था की गई, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
अराजक तत्वों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई: एसपी
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने, गुंडागर्दी करने या आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
अफवाहों से बचने की पुलिस की अपील
चमोली पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा केवल प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने का आग्रह किया है। साथ ही अपुष्ट जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा न करने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रहे मौजूद
घटना के दौरान उपजिलाधिकारी गैरसैंण अबरार अहमद, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, तहसीलदार कर्णप्रयाग सुधा डोभाल, प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल सहित प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।
