चारधाम यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। गंगोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 7.84 लाख के पार पहुंच गई है। अब तक 7 लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या सात लाख के पार पहुंच गई है। चारधाम यात्रा के 147 दिनों में 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं।

12 सितंबर तक की यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5 लाख 19 हजार 173 अधिक है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 45 लाख 09 हजार 324 श्रद्धालु चारधाम पहुंचे थे। यात्रा के लिए अभी करीब दो महीने का समय शेष है, ऐसे में इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में यात्रियों की संख्या में बड़ी वृद्धि का अनुमान है।

गंगोत्री धाम में इस बार यात्रा ने नया इतिहास रचा है। यहां पहली बार यात्रियों की संख्या 7.84 लाख पहुंची है। इससे पहले 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 और 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।

यमुनोत्री धाम में भी इस बार नया रिकॉर्ड बनने की ओर है। अब तक 7 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यहां सर्वाधिक 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे।

बदरीनाथ धाम में 17.28 लाख श्रद्धालु

बदरीनाथ धाम की यात्रा भी नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 12 सितंबर तक 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 3 लाख 45 हजार 733 अधिक है। पिछले वर्ष इस अवधि में 13 लाख 82 हजार 845 यात्री बदरीनाथ पहुंचे थे।

हेमकुंट साहिब की यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। यहां इस वर्ष अब तक 3 लाख 19 हजार 135 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

सुरक्षा पर विशेष निगरानी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा को सतर्कता और निगरानी के साथ संचालित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।