कुंभ मेला-2027 से पहले धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए शनिवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र में हजारों लोगों ने स्वच्छता अभियान चलाया। मिश्री मठ की ओर से गंगा सेवा कार्यक्रम के तहत आयोजित अभियान में मेला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। मेलाधिकारी सोनिका स्वयं सफाई कार्य में उतरीं और मिश्री मठ के अनुयायियों के साथ मिलकर घाटों की सफाई की।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन के साथ कतारबद्ध होकर सफाई की और एकत्रित कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग किया। इसके बाद कचरे के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई।

अभियान में नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती और उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित मेला प्रशासन के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भागीदारी की।

इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने नया उदासीन अखाड़ा के अध्यक्ष महंत धूनी दास महाराज और मिश्री मठ के मठाधिपति महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज से मुलाकात की।

उन्होंने गंगा सेवा और स्वच्छता अभियान के आयोजन तथा इसमें हजारों लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संतों और मिश्री मठ के अनुयायियों का आभार जताया।

मेलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मां गंगा के घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी का साझा दायित्व है।

कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में स्वच्छता को केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित न रखकर जनभागीदारी का विषय बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

संत समाज, धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयासों को और गति मिलेगी। जनसहयोग से गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रशासनिक प्रयास भी अधिक प्रभावी होंगे।